सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के वादे को निभाए:2026में स्वास्थ्य के लिए केंद्रीय बजट दोगुना करे!

स्वास्थ्य के लिए केंद्रीय बजट का 5% आबंटित करें! राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को विस्तारित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत करने के लिए आवंटन दोगुना करें! ASHA और स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन दें!

राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017 ने यह लक्ष्य अपनाया था कि “सरकार द्वारा स्वास्थ्य पर व्यय को जीडीपी के वर्तमान 1.15% से बढ़ाकर 2025 तक 2.5% किया जाए।” अब जबकि 2025 बीत चुका है, यह मूल उद्देश्य अभी तक साकार नहीं हुआ है, विशेष रूप से जबसे केंद्र सरकार ने पिछले दस सालों में आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य बजट को बढ़ाया ही नहीं। भारत में स्वास्थ्य पर सरकारी व्यय अत्यंत अपर्याप्त स्तर पर बना हुआ है, जो 2025-26 में जीडीपी का 1.5% से भी कम है। यह बजट घाटा लोगों की बुनियादी सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पर बहुत नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है, जो अब भी अविकसित है और जो कर्मचारियों की कमी, अपर्याप्त दवाईयां एवं बुनियादी ढाँचे की कमी से ग्रसित है।

जन स्वास्थ्य अभियान गहरी चिंता के साथ यह नोट करता है कि कोविड महामारी के बाद स्वास्थ्य पर केंद्र सरकार का खर्च लगातार कम हुआ है, जिससे NHP 2017 का लक्ष्य पूरा करना असंभव हो गया है। भारत के उन लोगों की ओर से, जिन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकार है, जन स्वास्थ्य अभियान मांग करता है कि 2026-27 के केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य के लिए आवंटन को दोगुना किया जाए, NHP के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए। वर्तमान में कुल बजट के केवल 2% के बहुत कम स्तर से बढ़ाकर, केंद्रीय स्वास्थ्य बजट को अगले दो वर्षों में कम से कम कुल केंद्रीय बजट के 5% तक बढ़ाया जाना चाहिए।

केंद्रीय सरकार का स्वास्थ्य पर लगातार घटता खर्च
भारत में स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च कई देशों की तुलना में बेहद कम है। उदाहरण के लिए, भूटान का प्रति व्यक्ति स्वास्थ्य पर खर्च भारत से 2.5 गुना अधिक था, जबकि श्रीलंका का 2021 में तीन गुना था। भारत की तुलना में अन्य सभी BRICS देश स्वास्थ्य पर प्रति व्यक्ति 14-15 गुना अधिक खर्च करते हैं। थाईलैंड और मलेशिया भारत की तुलना में स्वास्थ्य पर प्रति व्यक्ति कम से कम दस गुना अधिक खर्च करते हैं।

COVID महामारी के वर्षों में स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च जीडीपी के प्रतिशत के रूप में कुछ हद तक बढ़ा था। इस वृद्धि का बड़ा हिस्सा राज्य सरकारों द्वारा खर्च में बढ़ोतरी है और कम हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा किया गया खर्च। राज्यों ने COVID के बाद भी इस वृद्धि को बनाए रखा है जो उनके सामने संसाधन सीमाओं को देखते हुए सराहनीय है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण पर आवंटन 2017-18 में 0.67% से बढ़कर 2025-26 अनुमानित बजट में 1.1% जीडीपी तक पहुँच गया। इस अवधि के दौरान कुल राज्य बजट में स्वास्थ्य का हिस्सा 5% से बढ़कर 5.6% हो गया है।

इसके विपरीत, स्वास्थ्य पर केंद्र सरकार का खर्च, जो महामारी के दौरान मामूली रूप से बढ़ा था, महामारी के बाद घट गया है। यदि हम बढ़ती कीमतों के प्रभाव को आँकलन में रखें तो 2025-26 का केंद्रीय स्वास्थ्य बजट 2020-21 में किए गए वास्तविक खर्च की तुलना में 4.7% कम था। इसका अर्थ है कि 2020-21 में जो स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा सकती थी, वह अब सुनिश्चित नहीं की जा सकती, क्योंकि आवंटन घट गए हैं क्यूंकी कीमतें आसमान छू रही हैं।

इसका यह भी मतलब है कि सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के प्रतिशत के रूप में, स्वास्थ्य के लिए केंद्रसरकार का आवंटन 0.37% (2020-21 वास्तविक खर्च) से घटकर 0.29% (2025-26 बजट खर्च) हो गया है। यानि की, COVID के दौरान केंद्र बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को जो मामूली प्राथमिकता दी गई थी, वह उस आपातकाल के बाद तुरंत कम कर दी गई। इस दौरान केंद्र सरकार के कुल बजट में स्वास्थ्य बजट का हिस्सा 2.26% से घटकर 2.05% हो गया है।

NHP ने यह भी प्रस्तावित किया था कि कुल सार्वजनिक खर्च में केंद्र सरकार का हिस्सा 40% होना चाहिए। मूलतः यानि केंद्र सरकार का खर्च मौजूदा स्तर 0.29% से बढ़ाकर GDP का 1% किया जाए, जिसके लिए आवंटन का कम से कम तीन गुना बढ़ाना आवश्यक है। इसलिए केंद्र सरकार को अगले दो वर्षों में GDP का 1% लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध होना होगा।

संसाधन घाटे को समाप्त करें, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को बढ़ावा देंअगर हम बजट का थोड़ा विश्लेषण करें और यह पहचानने की कोशिश करें कि किन योजनाओं और कार्यक्रमों में कटौती हुई है और किनमें खासी वृद्धि हुई है, तो हम केंद्र सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र की प्राथमिकताओं को समझ सकते हैं। जो योजनाएँ सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने और समाज के सबसे कमजोर वर्गों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में योगदान करती हैं, जैसे कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY), पोषण पर योजनाएँ, स्वास्थ्य अनुसंधान, में भारी कटौती हुई है जबकि कठिन समय इन्हीं योजनाओं की वजह से अच्छा कार्य हुआ था।

2005 में शुरू किया गया राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए केंद्र सरकार का एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप रहा है। लेकिन पिछले सात वर्षों में इस मुख्य योजना पर खर्च ज्यादातर स्थिर रहा है या घट गया है। वित्तीय वर्ष 2014 और 2019 के बीच, NHM पर खर्च औसतन 7.4% की दर से बढ़ा, जो मुख्य रूप से वित्तीय वर्ष 2018 में अचानक वृद्धि के कारण बढ़ा था। लेकिन एनडीए सरकार की दूसरी अवधि के दौरान, NHM पर खर्च वास्तविक रूप में औसतन 5.5% की दर से घट गया है।

इस कार्यक्रम के महत्व को ध्यान में रखते हुए, आने वाले केंद्रीय बजट में NHM पर आवंटन कम से कम दोगुना किया जाना चाहिए। यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 के बजट लक्ष्य के अनुरूप होगा, और स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के उन्नयन, NCD सेवाओं को शामिल करने, शहरी सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के अत्यंत आवश्यक विस्तार, और जलवायु परिवर्तन के गहराते खतरों की वजह से लोगों के स्वास्थ्य पर बढ़ती असुरक्षा से निपटने में कारगर साबित होगा। NHM में बढ़ाया गया आवंटन स्वास्थ्य कर्मचारियों और आशाओं के वेतनमान में सुधार और संविदात्मक कर्मचारियों का नियमितीकरण भी सुनिश्चित करेगा। साथ ही सभी स्तरों पर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं की सुनिश्चित उपलब्धता भी होगी।

सार्वजनिक क्षेत्र को कुपोषित करना, निजी साझेदारियों को बढ़ावा देनाकेंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए समग्र प्राथमिकताओं और बजट को और अधिक घटाया जा रहा है। इन कम आवंटनों को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने में इस्तेमाल के बजाय, सरकार निजी क्षेत्र के साथ साझेदारियों और बीमा-आधारित स्वास्थ्य सेवा वितरण मॉडलों, जैसे कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY), को बढ़ावा देने में लगी है। PMJAY को हर साल खासा बजट दिया जाता है, भले ही विश्वभर के अनुभव यह दिखाते हों कि ऐसे बीमा-आधारित मॉडल प्रभावहीन हैं, और वास्तविक भूमि से प्राप्त साक्ष्य यह दिखाते हों कि ऐसी योजना से लाभ सीमित हैं, और जिनमें CAG ऑडिट द्वारा कई अनियमितताएं उजागर की गई हों। केंद्रीय दवा कंपनियाँ और वैक्सीन बनाने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की इकाईयों (PSUs) को भी व्यवस्थित रूप से कमजोर किया जा रहा है, उन्हें धन से वंचित किया जा रहा है और अप्रासंगिकता की ओर धकेला जा रहा है।

राज्य सरकारों को स्वास्थ्य बजट का उचित हिस्सा देने से इनकार करना केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकारों को हस्तांतरित किए जा रहे वित्तीय संसाधनों में गिरावट अत्यंत चिंताजनक है। 2014-15 में, केंद्रीय स्वास्थ्य व्यय का तीन-चौथाई (75.9%) राज्यों को हस्तांतरित किया गया था। लेकिन एनडीए सरकार के पहले तीन वर्षों के भीतर, यह हिस्सा केवल करीब आधा (53.4%) रह गया और लगातार गिरकर 2024-25 (बजट अनुमान) में केवल 43% तक पहुंच गया है – जो मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं को बनाए रखने के लिए पूरी तरह अपर्याप्त है। हमें यह याद रखना चाहिए कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की मुख्य लागत राज्य सरकारों द्वारा उठाई जाती है, और उन्हें केंद्र सरकार द्वारा पर्याप्त संसाधन दिए जाने चाहिए। यह प्रवृत्ति स्वास्थ्य पर वित्तीय संसाधनों के अत्यधिक केंद्रीकरण को दर्शाती है, जबकि स्वास्थ्य सेवाएं ज़्यादातर राज्यों के दायरे में आती हैं। ऐसी स्थिति में वित्त आयोग के माध्यम से राज्यों को कर संसाधनों का अधिक वितरण एक ज़रिया नजर आता है।

क्या स्वास्थ्य उपकर मुख्य स्वास्थ्य बजट आवंटनों की जगह ले रहा है?
2018-2019 में, स्वास्थ्य और शिक्षा उपकर (HEC) आय का 4% के रूप में पेश किया गया। उपकर की भूमिका मौजूदा सरकारी स्वास्थ्य खर्च को बढ़ाने और विस्तार करने की होनी चाहिए थी, ताकि गरीब और ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य की देखभाल की जा सके। लेकिन हर साल स्वास्थ्य और शिक्षा उपकर के रूप में जो हजारों करोड़ रुपये इकट्ठा किए जा रहे हैं उनका उपयोग स्वास्थ्य बजट बढ़ाने के लिए नहीं किया गया है, बल्कि इसका उपयोग मुख्य स्वास्थ्य बजट में लगातार होने वाली कटौतियों की भरपाई करने के लिए किया जा रहा है। उदाहरण के लिए, FY 2023-24 में HEC का संग्रह 71,180 करोड़ रुपये था, जिसमें से एक चौथाई स्वास्थ्य के लिए जाता है, जो लगभग 17,795 करोड़ रुपये होता है। यदि हम इस उपकर राशि को अलग रख दें, तो हमें पता चलता है कि 2020-21 और 2023-24 के बीच स्वास्थ्य पर केंद्र सरकार का बजट वास्तविक रूप में 22.5% घट गया है। यह केंद्र सरकार की लोगों के स्वास्थ्य के प्रति अपनी मौलिक जिम्मेदारियों से और पीछे हटने के बराबर है।

स्वास्थ्य बजट से संबंधित इन जनविरोधी रुझानों के संदर्भ में, जन स्वास्थ्य अभियान निम्नलिखित मांग करता है:
• 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य के लिए केंद्र सरकार का आवंटन दो गुना किया जाना चाहिए ताकि NHP – 2017 के लक्ष्य को पूरा किया जा सके!
• केंद्र सरकार को अगले दो वर्षों में अपने स्वास्थ्य व्यय को कुल केंद्रीय बजट के कम से कम 5% तक बढ़ाना चाहिए!
• NHM के लिए आवंटन को दुगना किया जाना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और विस्तारित किया जा सके, स्वास्थ्य और वेलनेस केंद्रों में सुधार किया जा सके, और स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित ASHA और संविदा कर्मचारियों के साथ न्याय किया जा सके!
• राज्यों को हस्तांतरित स्वास्थ्य बजट कम से कम दो-तिहाई होना चाहिए, क्योंकि राज्य स्वास्थ्य व्यय के कुल बोझ का दो-तिहाई साझा करते हैं! राज्यों के लिए अधिक हिस्सा बिना बंधन के या लचीला होना चाहिए ताकि वे स्वास्थ्य पर अपनी प्राथमिकताओं की योजना बना सकें और उसे कार्यान्वित कर सकें।

• अगले दो वर्षों में एनएचपी लक्ष्‍य को हासिल कर स्वास्थ्य पर खर्च को जीडीपी के 2.5% तक पहुँचाना चाहिए, जिसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी कम से कम जीडीपी के 1% के बराबर होनी चाहिए। स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च को 2030 तक जीडीपी के 3.5% तक बढ़ाया जाना चाहिए।
• स्वास्थ्य उपकर की राशि का संग्रह स्वास्थ्य के लिए समर्पित संसाधनों के पूरक के तौर पर होना चाहिए, न कि मुख्य बजटीय आवंटन की जगह लेने के लिए।
• पीएमजेएवाई को रद्द किया जाना चाहिए और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने के लिए अधिक वित्तीय संसाधनों का आवंटन होना चाहिए!
• सभी केंद्रीय सरकारी दवा कंपनियों (आईडीपीएल, हिंदुस्तान एंटीबायोटिक्स) और वैक्सीन फैक्ट्रियों का पुनर्निर्माण करने के लिए संसाधन आवंटित करें। इसके अलावा, सरकार को एपीआई के उत्पादन के लिए फैक्ट्रियां स्थापित करने में भी वित्त पोषण करना चाहिए।
• केंद्र सरकार को अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देना चाहिए, दवाओं और उपकरणों की कीमतों को नियंत्रित करना चाहिए, नैदानिक प्रोटोकॉल विकसित करना चाहिए और शैक्षिक तथा नैदानिक उत्कृष्ट संस्थानों की स्थापना करनी चाहिए।

जन स्वास्थ्य अभियान भारत भर के स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इन मांगों को उठाने और इन मुद्दों के प्रति व्यापक जन जागरूकता उत्पन्न करने का आह्वान करता है। विभिन्न सांसदों को आगामी बजट सत्र के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य बजट में इस तरह की बड़ी वृद्धि के लिए सक्रिय रूप से पैरवी करनी चाहिए। राज्य सरकारों को केंद्र स्वास्थ्य व्यय में अधिक हिस्सेदारी की मांग करनी चाहिए, साथ ही अपने राज्य के स्वास्थ्य व्यय में बढ़ोतरी बनाए रखनी चाहिए, ताकि पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित किए जा सकें, जो सभी वर्गों के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के लिए एक मौलिक अधिकार प्रदान करें।

Scroll to Top